गुरुग्राम 12 जनवरी( दैनिक खबरनामा ) गुरुग्राम उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है। तापमान में अचानक आई तेज गिरावट के कारण सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी ठंड का असर साफ नजर आया, जहां न्यूनतम तापमान करीब 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।चंडीगढ़ में सोमवार को कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान लगभग 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह जनवरी 2023 के बाद शहर का सबसे ठंडा दिन माना जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड से फिलहाल राहत मिलने की संभावना कम है और सुबह के समय घना कोहरा भी देखने को मिल सकता है।भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए और सामान्य तापमान से 4.5 से 6.4 डिग्री कम दर्ज किया जाए, या फिर तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे पहुंच जाए, तो उसे शीतलहर की स्थिति घोषित किया जाता है।
वहीं, यदि न्यूनतम तापमान गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस या उससे नीचे आ जाए, तो इसे भीषण शीतलहर माना जाता है।