दैनिक खबरनामा फाजिल्का 23 जून 2026,. पंजाब के जल संसाधन एवं भूमि तथा जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने मंगलवार को फाजिल्का विधानसभा क्षेत्र के लोगों को करीब 45.74 करोड़ रुपये की लागत वाली सात महत्वपूर्ण सिंचाई एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 33.51 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई तीन परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि 8.89 करोड़ रुपये की लागत वाले वी.आर. ब्रिज समेत तीन नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।
इन परियोजनाओं के तहत 42.56 किलोमीटर नहरों की कंक्रीट लाइनिंग, 81.36 किलोमीटर खालों का पक्कीकरण, साझा भूमिगत पाइपलाइन योजना तथा सेम-ग्रसित भूमि सुधार से जुड़े कार्य किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य किसानों तक नहरी पानी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना और टेलों तक पानी की पहुंच को और मजबूत बनाना है।
इस अवसर पर फाजिल्का के विधायक नरेंद्रपाल सिंह सवना भी मौजूद रहे। बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने टेलों तक पानी पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने दावा किया कि पहले जहां टेलों पर पानी की उपलब्धता 26 प्रतिशत थी, वह अब बढ़कर 80 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जो राज्य के इतिहास में पहली बार संभव हुआ है।
मंत्री ने गांव वल्ले शाह उताड़ (नूरशाह) और वल्ले शाह हिठाड़ (गुलाबा भैणी) को जोड़ने के लिए सतलुज क्रीक पर बनने वाले 8.89 करोड़ रुपये के वी.आर. ब्रिज का शिलान्यास भी किया। लगभग 370 फीट लंबे इस पुल के जून 2027 तक पूरा होने की संभावना है। इसके निर्माण से 11 से 12 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा और जलालाबाद तक की दूरी 15 से 20 किलोमीटर तक कम हो जाएगी।

इसके अलावा भूमि एवं जल संरक्षण विभाग की परियोजनाओं के तहत 30 लाख रुपये की साझा भूमिगत पाइपलाइन योजना का उद्घाटन किया गया, जबकि खुईखेड़ा और लखेवाली ढाब गांवों में सोलर पंप आधारित वर्टिकल ड्रेनेज सिस्टम सहित तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार सिंचाई ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार निवेश कर रही है। नहरों की लाइनिंग, खालों के पक्कीकरण, पाइपलाइन आधारित सिंचाई प्रणाली और पुल निर्माण जैसी परियोजनाएं किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ-साथ ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को भी मजबूत करेंगी।
विधायक नरेंद्रपाल सिंह सवना ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रदेश भर में करोड़ों रुपये की लागत से सिंचाई एवं आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को तेज गति से अमलीजामा पहनाया जा रहा है।