
दैनिक खबरनामा | मोहाली, 16 जुलाई 2026. पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने गुरुवार को मोहाली स्थित अंबेडकर इंस्टीट्यूट ऑफ करियर्स एंड कोर्सेज में आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता के माध्यम से उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विभिन्न पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री सुखमनी साहिब के पाठ और सर्वजन कल्याण की अरदास के साथ हुई। इस दौरान सांसद मलविंदर सिंह कंग तथा विधायक कुलवंत सिंह भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि संस्थान के भवन और आधारभूत ढांचे के विकास पर करीब 1.35 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिससे छात्रों को आधुनिक और अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार अनुसूचित जातियों के विद्यार्थियों की शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है। संस्थान में बैंक पीओ, एएओ, पंजाबी एवं अंग्रेजी स्टेनोग्राफी के साथ-साथ आईएएस और पीसीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जा रही हैं।
विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए मंत्री ने उन्हें सरकारी योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का अधिकतम लाभ उठाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में कौशल विकास युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बेहतर रोजगार अवसर दिलाने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. बलजीत कौर ने विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की। बैठक में संस्थान के विकास, प्रशासनिक कार्यों और सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थान में संचालित रोजगारोन्मुखी और कौशल विकास पाठ्यक्रमों के बारे में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा इन सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने करियर को नई दिशा दे सकें।
इस अवसर पर सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग के प्रमुख सचिव वी.के. मीना, निदेशक विम्मी भुल्लर सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।