दैनिक खबरनामा 5 मई 2026 लुधियाना के थाना मेहरबान क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सगी बहन ने अपनी ही बेटी के साथ मिलकर अपने भाई के घर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि मां-बेटी ने सुनियोजित तरीके से घर में रखे सोने-चांदी के लाखों रुपए के गहनों पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गईं।पीड़ित सोहन लाल, जो मॉडल कॉलोनी मेहरबान के निवासी हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 12 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान सूने घर का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने अलमारी में रखे कीमती गहने चोरी कर लिए। घर लौटने पर सामान बिखरा मिला और गहने गायब थे।शुरुआत में पीड़ित को किसी बाहरी गिरोह पर शक था, लेकिन जब उन्होंने अपने स्तर पर पड़ताल की तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि उनकी गैर-मौजूदगी में उनकी बहन ज्योति अपनी बेटी सलोनी उर्फ नैना के साथ घर आई थी। दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।इतना ही नहीं, आरोप है कि चोरी के बाद आरोपी मां-बेटी घर में मौजूद दूसरी भांजी नंदिनी को भी अपने साथ ले गईं। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।