दैनिक खबरनामा ब्यूरो जम्मू (कटड़ा), 30 मई : मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शुक्रवार को अपने सहयोगियों के साथ पवित्र माता वैष्णो देवी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता रानी के दरबार में देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने भवन परिसर में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने भवन से भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन किए और अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण की। कटड़ा पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मध्य प्रदेश सरकार राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर और भोजशाला बाग्देवी मंदिर सहित अन्य आस्था स्थलों पर व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से वह माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की कार्यप्रणाली का अध्ययन करने पहुंचे हैं। उन्होंने यहां की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और आधुनिक सुविधाओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाएं देश के अन्य धार्मिक स्थलों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने श्राइन बोर्ड की ओर से संचालित शैक्षणिक और स्वास्थ्य संस्थानों की जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने यह भी कहा कि मध्य प्रदेश सरकार विभिन्न राज्यों के प्रमुख तीर्थ स्थलों की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर रही है, ताकि वहां की अच्छी व्यवस्थाओं को प्रदेश में लागू किया जा सके। यात्रा के दौरान श्राइन बोर्ड के पुजारियों ने मुख्यमंत्री को माता की चुनरी और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।