दैनिक खबरनामा। पतलीकूहल (कुल्लू), 2 जून : हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में मानवता को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। नग्गर रोड स्थित फार्म क्षेत्र में दिल्ली नंबर की कार चला रहे एक युवक पर राहगीर को बेरहमी से कुचलकर मौत के घाट उतारने का आरोप लगा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक ने पहले व्यक्ति को टक्कर मारी, फिर उसे करीब 25 फीट तक घसीटता रहा और इसके बाद वाहन को रिवर्स कर दोबारा उसके ऊपर चढ़ा दिया।
मृतक की पहचान रामकृष्ण के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में टैक्सी चालक ओमप्रकाश, निवासी छनाल्टी (जिला कुल्लू), ने बताया कि सोमवार को वह मढ़ी कारवॉश से अपनी गाड़ी धुलवाकर नग्गर की ओर जा रहा था। इसी दौरान दिल्ली नंबर की कार DL-12CU-0584 ने उसकी गाड़ी को ओवरटेक किया। कार में दो युवक और एक युवती सवार थे। प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार चालक कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन चला रहा था।
ओमप्रकाश ने आरोप लगाया कि नग्गर फार्म रोड के पास कार चालक ने गलत दिशा में वाहन चलाते हुए सड़क किनारे सही दिशा में पैदल जा रहे रामकृष्ण को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामकृष्ण वाहन के नीचे फंस गए और कार उन्हें करीब 25 फीट तक घसीटती रही।
आरोप है कि इसके बाद चालक ने वाहन को पीछे किया और दोबारा रामकृष्ण के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार सहित फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कुछ दूरी पर उसे रोक लिया। पूछताछ में चालक की पहचान विक्रांत विज (29) निवासी करोल बाग, नई दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस थाना पतलीकूहल ने प्रत्यक्षदर्शी के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।