दैनिक खबरनामा। धर्मशाला, 7 जून 2026: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने शनिवार को कांगड़ा जिले के पालमपुर उपमंडल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक एवं निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी प्रक्रियाओं, व्यवस्थाओं और भविष्य की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ने चुनाव प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों से उनके अनुभव साझा करने को कहा तथा निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सुविधाओं और चुनावी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए।
प्रशासनिक बैठक के उपरांत ज्ञानेश कुमार ने अपने स्वजनों के साथ पालमपुर स्थित प्रसिद्ध वाह टी एस्टेट का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए चाय बागानों का अवलोकन किया और चाय उत्पादन की पूरी प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की।
अधिकारियों ने उन्हें पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित पर्यटन गतिविधियों तथा पर्यटन विकास की संभावनाओं से भी अवगत कराया। अपने दौरे के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने कांगड़ा स्थित श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर और श्री चामुंडा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके अलावा उन्होंने ऐतिहासिक कांगड़ा किला का भी भ्रमण किया।
इस अवसर पर चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर की कुलसचिव डॉ. मधु चौधरी, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुरारी लाल, नीरज चांदला, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी दोर्जे ठाकुर, एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा, एसडीएम डॉ. ओपी यादव सहित कई प्रशासनिक एवं निर्वाचन अधिकारी उपस्थित रहे।