दैनिक खबरनामा/ ब्यूरो/चंडीगढ़/08 जून 2026. पंजाब के शहरी क्षेत्रों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोमवार को राज्यव्यापी ‘मिशन क्लीन पंजाब’ अभियान की शुरुआत की। इस नई पहल के तहत नगर निगमों और नगर परिषदों के सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 8 बजे तक अनिवार्य रूप से फील्ड में मौजूद रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे।
चंडीगढ़ स्थित विभागीय मुख्यालय से अभियान का शुभारंभ करते हुए मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विभिन्न जिलों के अधिकारियों के साथ पहले दिन की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि यह अभियान आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित मोबाइल एप, आकस्मिक निरीक्षण और नियमित प्रगति रिपोर्टों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
बैंस ने बताया कि राज्य के प्रत्येक शहरी निकाय क्षेत्र को 10 किलोमीटर के जोनों में विभाजित किया जाएगा। प्रत्येक जोन की निगरानी अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी), नगर निगम आयुक्त, संयुक्त आयुक्त या कार्यकारी अधिकारी (ईओ) स्तर का अधिकारी करेगा। सभी अधिकारियों को प्रतिदिन सुबह फील्ड विजिट कर सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई एक-दिवसीय अभियान नहीं, बल्कि गंदगी के खिलाफ निरंतर चलने वाला जन आंदोलन है। अधिकारियों को कैमरा और इंटरनेट सुविधा से युक्त स्मार्टफोन साथ रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी भी समय उनकी लोकेशन और कार्य की समीक्षा की जा सके।
स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्वयं इस अभियान की निगरानी करेंगे। किसी भी अधिकारी को मुख्यमंत्री या उनके कार्यालय से किसी भी समय फोन किया जा सकता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और राज्यभर में बिना पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि एआई आधारित एप्लीकेशन के माध्यम से अभियान की प्रगति रियल टाइम में दर्ज की जाएगी। अधिकारी वीडियो कॉल पर उपलब्ध रहेंगे और किसी भी समय उनके कार्यों की जांच की जा सकेगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल कागजी कार्रवाई नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर दिखाई देने वाले परिणाम सुनिश्चित करना है।
बैंस ने कहा कि सफाई कर्मचारियों से लेकर नगर निगम आयुक्तों तक सभी अधिकारी और कर्मचारी सड़कों तथा गलियों में सक्रिय रूप से कार्य करेंगे, ताकि आम नागरिकों को बदलाव स्पष्ट रूप से दिखाई दे। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं सफाई व्यवस्था में कमी नजर आए तो वे सीधे सरकार और विभाग को इसकी जानकारी दें।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान पंजाब के शहरों और कस्बों को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नागरिक सुविधाओं वाला बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।