दैनिक खबरनामा । नई दिल्ली, 20 जून : पंजाब विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस नेतृत्व ने संगठनात्मक बदलावों की प्रक्रिया तेज कर दी है। इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नई दिल्ली स्थित आवास पर पंजाब कांग्रेस को लेकर अहम बैठक आयोजित की गई, जिसे आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बैठक में पंजाब मामलों के लिए गठित ऑब्जर्वर कमेटी के सदस्य पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, पूर्व मंत्री भजनलाल जाटव तथा पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल मौजूद रहे। बैठक में पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई।
सूत्रों के अनुसार, ऑब्जर्वर कमेटी द्वारा पंजाब के वरिष्ठ नेताओं, वर्तमान एवं पूर्व सांसदों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों से प्राप्त फीडबैक की रिपोर्ट भी बैठक में प्रस्तुत की गई। पिछले सप्ताह कमेटी ने तीन दिनों तक राज्य के 60 से अधिक नेताओं से मुलाकात कर चुनावी माहौल और संगठन की स्थिति का आकलन किया था।
कांग्रेस हाईकमान के सामने अब संगठन में नई नियुक्तियों, प्रदेश अध्यक्ष, चुनाव प्रभारी और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर फैसले लेने की चुनौती है। पार्टी नेतृत्व का फोकस चुनावी तैयारियों को गति देने के साथ-साथ नेताओं के बीच गुटबाजी को कम कर संगठनात्मक एकजुटता मजबूत करने पर भी है।
बैठक में पंजाब से जुड़े सभी प्रमुख राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह तक पंजाब कांग्रेस में नई नियुक्तियों और जिम्मेदारियों को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं की जा सकती हैं।
वहीं, आम आदमी पार्टी और भाजपा पहले ही विधानसभा चुनावों को लेकर सक्रिय हो चुकी हैं। ऐसे में कांग्रेस भी जल्द संगठनात्मक बदलावों के जरिए चुनावी मोर्चे पर पूरी ताकत से उतरने की तैयारी कर रही है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं और विभिन्न पदों को लेकर अंदरूनी स्तर पर शक्ति परीक्षण जारी है। हाल ही में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा विधानसभा चुनाव समय से पहले कराए जाने की संभावना जताए जाने के बाद राज्य का राजनीतिक माहौल और अधिक गर्म हो गया है। ऐसे में कांग्रेस भी जल्द निर्णायक कदम उठा सकती है।