दैनिक खबरनामा। सिलीगुड़ी, 4 जून 2026: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में देशद्रोह संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता अधिवक्ता रिंकी सिंह चटर्जी ने ममता बनर्जी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए दावा किया है कि वह 8 जून को इस मामले में कोलकाता हाईकोर्ट में याचिका दायर करेंगी।
रिंकी सिंह चटर्जी का आरोप है कि ममता बनर्जी ने 2 जून को कोलकाता के रानी रासमणि रोड पर आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या के मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और गृह मंत्रालय पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, ममता बनर्जी ने दावा किया था कि गृह मंत्रालय के निर्देश पर सुनियोजित तरीके से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया।
शिकायत में कहा गया है कि इस तरह के आरोप भारत और बांग्लादेश के संबंधों को प्रभावित कर सकते हैं तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचा सकते हैं। साथ ही, इससे बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं की सुरक्षा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है।
रिंकी सिंह चटर्जी ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर रहते हुए गोपनीयता की शपथ लेने के बावजूद ममता बनर्जी कथित रूप से ऐसे बयान दे रही हैं, जो सामाजिक और राजनीतिक तनाव को बढ़ावा दे सकते हैं। इसी आधार पर उन्होंने साइबर क्राइम थाने में देशद्रोह से संबंधित धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कराई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी रिंकी सिंह चटर्जी ने चुनाव प्रचार के दौरान कथित भड़काऊ भाषण देने के आरोप में ममता बनर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत पर किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।