दैनिक खबरनामा । शिमला, 23 जून : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश की ऊंची चोटियों रोहतांग दर्रा, बारालाचा ला और शिंकुला में ताजा हिमपात दर्ज किया गया है, जबकि कई क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है। रोहतांग सहित ऊंचे इलाकों में करीब तीन इंच तक बर्फबारी हुई है। वहीं रविवार देर रात राजधानी शिमला और ठियोग में ओलावृष्टि भी हुई।
सोमवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। बारिश और बर्फबारी के प्रभाव से दिन के तापमान में 9.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक गिरावट केलंग में 9.8 डिग्री दर्ज की गई, जबकि रिकांगपिओ और सुंदरनगर में 6.5 डिग्री, कल्पा में 6 डिग्री तथा मंडी में 4.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई।
वर्षा के आंकड़ों के अनुसार, मनाली में 6 मिलीमीटर तथा अन्य कई क्षेत्रों में 2 से 3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बीते 24 घंटों के दौरान चंबा के जोत क्षेत्र में 22.8 मिलीमीटर, मंडी के सलापड़ में 14 मिलीमीटर और धौलाकुआं में 9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
मौसम में आए इस बदलाव का असर कृषि पर भी देखने को मिल रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार लगातार बारिश से टमाटर की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जबकि मक्की, धान और दलहनी फसलों के लिए यह मौसम लाभकारी साबित हो सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और अन्य स्थानों पर वर्षा का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव और बारिश-बर्फबारी की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।