दैनिक खबरनामा| बठिंडा, 23 जून 2026. बठिंडा में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान पंजाब सरकार ने युवाओं के भविष्य, शिक्षा और कर्मचारियों के हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की। समारोह में कहा गया कि राज्य में भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और सिफारिश की पुरानी व्यवस्था को समाप्त कर पूरी पारदर्शिता के साथ अब तक 68,288 युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान की जा चुकी हैं।

सरकार की पारदर्शी भर्ती नीति का सकारात्मक असर अब दिखाई देने लगा है और रोजगार की बेहतर संभावनाओं के कारण विदेशों में गए कई युवा वापस पंजाब लौट रहे हैं। सरकार का दावा है कि योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया ने युवाओं में सरकारी व्यवस्था के प्रति विश्वास को मजबूत किया है।
शिक्षा के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि पंजाब आज पूरे देश में शिक्षा के मामले में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, बुनियादी ढांचे में सुधार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए उठाए गए कदमों का यह परिणाम है।

इस अवसर पर कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों के हित में एक अहम निर्णय का भी ऐलान किया गया। सरकार ने घोषणा की कि प्रोबेशन अवधि पूरी होने के बाद महिला कर्मचारियों की तैनाती उनके घर से 40 किलोमीटर के दायरे में की जाएगी, ताकि वे पारिवारिक जिम्मेदारियों और नौकरी के बीच बेहतर संतुलन बना सकें।

समारोह में कहा गया कि मेहनत, ईमानदारी और जनसेवा ही सरकार की कार्यशैली का आधार है। प्रत्येक योग्य युवक-युवती को समान अवसर प्रदान कर राज्य को विकास और खुशहाली की राह पर आगे बढ़ाया जा रहा है तथा ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण के लक्ष्य को तेजी से साकार किया जा रहा है।