दैनिक खबरनामा । सुंदरनगर (मंडी), 24 जून : हिमाचल प्रदेश में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। एक ओर किन्नौर में बादल फटने की घटना सामने आई, वहीं मंडी जिले के सुंदरनगर क्षेत्र में दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश और तेज तूफान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण बीबीएमबी कॉलोनी के चौगान में खड़ी एक स्कूल बस और कार पर विशालकाय पेड़ की भारी शाखाएं गिर गईं, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

गनीमत रही कि हादसे के समय वाहनों में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। पेड़ की शाखाएं गिरने से बस और कार के शीशे टूट गए तथा वाहनों के अगले हिस्से को भारी क्षति पहुंची।
सड़क पर गिरे बिजली के तार, शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित
तेज तूफान का असर विद्युत व्यवस्था पर भी देखने को मिला। नरेश चौक के समीप एक पेड़ बिजली की तारों पर गिर गया, जबकि कई मुख्य विद्युत लाइनें टूटकर सड़क पर बिखर गईं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी।
करीब तीन घंटे तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और क्षतिग्रस्त तारों को दुरुस्त करने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की गई।
सुबह धूप, दोपहर में बदला मौसम का मिजाज
बुधवार सुबह सुंदरनगर में मौसम पूरी तरह साफ था और तेज धूप खिली हुई थी। हालांकि दोपहर बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी तेज थी कि विजिबिलिटी काफी कम हो गई और कुछ दूरी तक देख पाना भी मुश्किल हो गया।
मौसम के इस अचानक बदले रुख ने एक बार फिर मानसून सीजन के दौरान सतर्क रहने की जरूरत को रेखांकित कर दिया है।