दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 29 जून : पंजाब के होशियारपुर जिले से पहली बार ताजा लीची का निर्यात ओमान के लिए किया गया है। कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के सहयोग से संपन्न यह पहल राज्य के बागवानी क्षेत्र और सहकारी कृषि निर्यात के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
इस निर्यात प्रक्रिया में एपीडा ने उन्नति एग्री एलाइड सहकारी समिति को विदेशी बाजार से जोड़ने के साथ-साथ खेत से लेकर ओमान तक उत्पाद पहुंचाने की पूरी व्यवस्था को सुचारु बनाने में अहम भूमिका निभाई। अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं और गुणवत्ता मानकों को ध्यान में रखते हुए लीची की पैकिंग सुपर प्लम के सहयोग से विशेष माडिफाइड एटमास्फियर पैकेजिंग (एमएपी) बैगों में की गई। इन बैगों की क्षमता 1 से 5 किलोग्राम तक रखी गई ताकि लंबी दूरी के परिवहन के दौरान फल की ताजगी और गुणवत्ता बनी रहे।
ओमान में इस खेप की मार्केटिंग और वितरण की जिम्मेदारी लुलु ग्रुप के माध्यम से निभाई जाएगी। अधिकारियों के अनुसार यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ विजन को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम है।
लीची की पहली खेप एपीडा के अध्यक्ष अभिषेक देव के मार्गदर्शन में तैयार की गई। इसे हरप्रीत सिंह ने एपीडा अधिकारियों और सहकारी समिति के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में औपचारिक रूप से रवाना किया।