दैनिक खबरनामा । मंडी, 2 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर ने मौजूदा सरकार पर मंडी जिले के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। मंडी में मीडिया से बातचीत में जयराम ठाकुर ने दावा किया कि मुख्यमंत्री ने मंडी जिले के लिए स्वीकृत पीडीएनए बजट पर रोक लगा दी है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से मंडी जिला सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ था, जिसमें सराज और धर्मपुर क्षेत्रों को सर्वाधिक क्षति पहुंची। इसके बावजूद राज्य सरकार मंडी की अनदेखी कर रही है।
सहमति के बाद भी रोका गया फंड
जयराम ठाकुर के अनुसार, मंडी जिले में लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, बिजली बोर्ड, कृषि और बागवानी विभाग ने जो मांगें भेजी थीं, उसके हिसाब से जिले को मिलने वाली राशि जारी नहीं की गई। पहले इस बजट को जारी करने पर सहमति बन चुकी थी, लेकिन बाद में मुख्यमंत्री के आदेश पर इसे रोक दिया गया।
बजट में कटौती की आशंका
उन्होंने आगे बताया कि उन्हें जानकारी मिली है कि अब इस बजट राशि को घटाया जा रहा है। वे अभी पूरे मामले की जानकारी जुटा रहे हैं, लेकिन मंडी के साथ हो रहा भेदभाव अनुचित है। आपदा को एक साल बीत चुका है, फिर भी जमीनी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को कम से कम उन परिवारों के प्रति संवेदना दिखानी चाहिए थी जिन्होंने आपदा में अपने परिजन खोए हैं, जिन्हें अब तक राहत नहीं मिली और जिनके घर उजड़ गए हैं। सड़क, पेयजल समेत तमाम बुनियादी व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि मंडी जिले की उपेक्षा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।