दैनिक खबरनामा। गुरुग्राम, 12 जुलाई: गुरुग्राम में न्यायिक ढांचे को नई पहचान देने वाला अत्याधुनिक ‘टावर ऑफ जस्टिस’ आज से शुरू हो जाएगा। इस भव्य न्यायिक परिसर का उद्घाटन देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत शर्मा करने जा रहे हैं।
इस ऐतिहासिक मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय ऊर्जा, आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस अश्वनी कुमार मिश्रा समेत कई वरिष्ठ न्यायाधीश भी शामिल होंगे।
तकनीक से लैस होगा पूरा परिसर*
नए टावर में कुल 56 कोर्टरूम बनाए गए हैं। इसके साथ ही यहां आधुनिक न्यायिक सेवा केंद्र, मीटिंग हॉल, वादकारियों के लिए अलग विश्राम स्थल, पुरुष और महिला लॉक-अप, सर्वर रूम और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई है। परिसर में बच्चों के लिए क्रेच और महिलाओं व शिशुओं के लिए विशेष देखभाल कक्ष भी बनाए गए हैं।
न्यायिक प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए यहां अलग एस्केलेटर व्यवस्था, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की सुविधा, पूरे परिसर में सीसीटीवी निगरानी, लैन नेटवर्क और बिना रुकावट बिजली की सप्लाई का इंतजाम किया गया है।
वकीलों और आगंतुकों के लिए विशेष सुविधाएं
इस परिसर में 530 वाहनों को खड़ा करने की जगह है। इसमें मुख्य भवन के पास 130 और मल्टीलेवल बेसमेंट में 400 पार्किंग स्लॉट शामिल हैं। अधिवक्ताओं के लिए बार रूम, बार लाइब्रेरी, कैंटीन और आम लोगों के लिए भोजनालय तैयार किए गए हैं। न्यायाधीशों के लिए अलग डाइनिंग हॉल, जिम, कॉपी एजेंसी और अन्य प्रशासनिक इकाइयां भी यहां संचालित होंगी।
जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने कहा कि यह परिसर सिर्फ एक इमारत नहीं है। इसका उद्देश्य न्याय प्रणाली को आम लोगों के लिए आसान, सुव्यवस्थित और जन-केंद्रित बनाना है। उनके अनुसार इस प्रोजेक्ट से न केवल हरियाणा की न्याय व्यवस्था को बल मिलेगा, बल्कि गुरुग्राम देश के सबसे आधुनिक न्यायिक केंद्रों में शुमार हो जाएगा।