दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 13 जुलाई 2026. पंजाब में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। राज्यभर के मतदान केंद्रों पर 11 और 12 जुलाई को आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविरों के दौरान 30 लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र (ईएफ) भरकर जमा कराए।
पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि विशेष शिविर सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर आयोजित किए गए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं ने अपने भरे हुए गणना प्रपत्र संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के पास जमा कराए।
उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर गणना प्रपत्र एकत्र करने की प्रक्रिया अभी भी जारी है और यह 24 जुलाई 2026 तक चलेगी। पिछले 18 दिनों में 1.30 करोड़ से अधिक मतदाता अपने गणना प्रपत्र जमा करा चुके हैं, जो अभियान की सफलता को दर्शाता है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने उन मतदाताओं से अपील की है जिन्होंने अभी तक अपने गणना प्रपत्र जमा नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता बिना किसी विलंब के अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर प्रपत्र जमा कराएं।
अनिंदिता मित्रा ने कहा कि 3 अगस्त 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शामिल सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गणना प्रपत्र जमा करना आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।