दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 25 जुलाई : पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को देश के युवाओं की जीत बताते हुए कहा कि अब पंजाब में लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस को भी अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
शनिवार को जारी एक बयान में वड़िंग ने कहा कि केंद्र में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देने के लिए मजबूर होना पड़ा, लेकिन पंजाब में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के बावजूद शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस अब तक अपने पद पर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन मामलों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
वड़िंग ने कहा कि पंजाब कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल शिक्षा मंत्री ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को भी राज्य में हो रहे पेपर लीक मामलों के लिए जवाबदेह ठहराएगी। उनका कहना था कि युवाओं के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर कांग्रेस किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करेगी।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने विद्यार्थियों की आवाज़ बुलंद करने और सरकार के खिलाफ लोकतांत्रिक संघर्ष का नेतृत्व कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वड़िंग ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों की मांगों को अनदेखा कर रही थी, लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री आवास तक निकाले गए विरोध मार्च के बाद सरकार पर दबाव बढ़ा और उसे निर्णय लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों के साथ मजबूती से खड़े होकर उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संदेश दिया। वड़िंग ने दोहराया कि पंजाब में पेपर लीक के मामलों को लेकर कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय नहीं की जाती।