रोपड़ में बैरिकेड्स तोड़े, मंत्री आवास के बाहर लगे बोर्ड पर पोती कालिख; पांच दिन में इस्तीफा नहीं देने पर राज्यव्यापी आंदोलन की चेतावनी
दैनिक खबरनामा। रोपड़/चंडीगढ़, 28 जुलाई : पंजाब में लगातार सामने आ रहे कथित पेपर लीक मामलों को लेकर पंजाब यूथ कांग्रेस ने मंगलवार को शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के आवास के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा शुभी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रोपड़ स्थित मंत्री आवास के बाहर पहुंचे और उनके इस्तीफे की मांग करते हुए धरना दिया।
प्रदर्शन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार कर मंत्री के आवास के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नाराज कार्यकर्ताओं ने मंत्री के घर के बाहर लगे बोर्ड पर कालिख भी पोत दी। शिक्षा मंत्री के आवास पर मौजूद नहीं होने के कारण आनंदपुर साहिब के तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन प्राप्त किया।
यूथ कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर मंत्री ने इस्तीफा नहीं दिया तो चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय का घेराव किया जाएगा। साथ ही पंजाब के सभी जिलों में शिक्षा मंत्री और राज्य सरकार के पुतले फूंककर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष शुभम शर्मा शुभी ने कहा कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वयं पद छोड़ देना चाहिए था। उनका आरोप था कि मंत्री के कार्यकाल में कई पेपर लीक की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफा दिया था। ऐसे में पंजाब में बार-बार पेपर लीक की घटनाओं के बावजूद शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस का पद पर बने रहना उचित नहीं है।
शुभी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल हैं, ने पहले कहा था कि पंजाब में पेपर लीक जैसी घटना होने पर संबंधित मंत्री से इस्तीफा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब सरकार अपने ही वादे से पीछे हट रही है और जनता के साथ किए गए वादों को निभाने में विफल रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते, तब तक यूथ कांग्रेस का आंदोलन पूरे पंजाब में जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक तथा तेज किया जाएगा।