दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 8 अगस्त: पीजीआई चंडीगढ़ के गायनी विभाग से गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को दिए जाने वाले महंगे इंजेक्शन के गायब होने का बड़ा मामला सामने आया है। करीब 20 लाख रुपये कीमत के टीके स्टॉक से लापता पाए गए हैं। अस्पताल प्रशासन को इस पूरे खेल में विभाग के फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के शामिल होने का अंदेशा है।
अस्पताल प्रबंधन ने मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी है और पुलिस को भी सूचना दे दी गई है।
कैसे खुला राज
जानकारी के मुताबिक यह गड़बड़ी कई महीनों से चल रही थी। खुलासा तब हुआ जब वार्ड में एक नए कर्मचारी की ड्यूटी लगी। उसने देखा कि मरीजों की जरूरत के मुकाबले 4 से 5 गुना ज्यादा इंजेक्शन मंगवाए जा रहे हैं। शक होने पर उसने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को रिपोर्ट की।
इसके बाद PGI प्रशासन ने वार्ड और स्टोर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में कई संदिग्ध हरकतें दिखीं। जांच में पता चला कि कुछ फार्मासिस्ट, नर्सें और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जानबूझकर एक ही शिफ्ट में ड्यूटी लगवा रहे थे ताकि आसानी से स्टॉक से इंजेक्शन निकाले जा सकें।
हर दिन 100 से ज्यादा इंजेक्शन गायब
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मिलीभगत के जरिए गायनी विभाग से रोजाना 100 से अधिक इंजेक्शन बाहर भेजे जा रहे थे। सूत्रों का कहना है कि इसमें सुरक्षा कर्मियों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। आशंका है कि चोरी किए गए इंजेक्शन को बाहर बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।
यह पहली बार नहीं है जब PGI के गायनी विभाग में इस तरह की वारदात हुई हो। अगस्त 2025 में भी दैनिक जागरण ने यहां से हजारों रुपये के इंजेक्शन चोरी होने का खुलासा किया था।
तब चोर गिरोह चादर ओढ़कर वार्ड में दाखिल होता था और मौका पाकर इंजेक्शन बैग में डालकर निकल जाता था। एक मामले में विकास नगर निवासी दीपक की मां नेहरू ब्लॉक की चौथी मंजिल पर भर्ती थीं। डॉक्टर ने उन्हें 4 इंजेक्शन लगाने को कहा था। 92 हजार रुपये के इंजेक्शन खरीदे गए। एक डोज लगने के बाद बाकी 3 डोज वार्ड के फ्रिज में रख दिए गए। दोपहर करीब 3 बजे जब दीपक दूसरा इंजेक्शन लेने गया तो फ्रिज से तीनों डोज गायब मिले।
PGI प्रशासन ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी है। अभी यह तय नहीं हुआ है कि DDR होगी या FIR दर्ज की जाएगी। पुलिस की प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमों के अनुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।