दैनिक खबरनामा | 29 अक्टूबर | नई दिल्ली। कैंसर मरीजों को राहत देते हुए राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के फैसले के बाद 543 दवा ब्रांडों और पैक में से 397 की कीमतें घटाई गई हैं। इनमें 217 के दाम 50 फीसदी से अधिक कम हुए हैं। नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी।
सैमटेपा इंजेक्शन की कीमत 80,071 रुपये से घटाकर 7,150 रुपये कर दी गई है। वहीं, पैलबोप्रो के 21 कैप्सूल वाले पैक का दाम 40,421 रुपये से घटकर 2,720 रुपये रह गया है। पांच दवाओं की कीमतों में 90 फीसदी से अधिक की कटौती हुई है।
कैंसर की दवाओं की ऊंची कीमतों पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद यह कदम उठाया गया। सरकार ने 137 एंटी-कैंसर दवाओं पर ट्रेड मार्जिन एमआरपी के 30 फीसदी तक सीमित किया है। हालांकि, 146 ब्रांड और पैक की कीमतें नहीं बदली हैं।
कीट्रूडा की कीमत 2,16,500 रुपये और ब्रेस्ट कैंसर की दवा रिबोसाइक्लिब की कीमत 24,435 रुपये बनी हुई है। टैग्रिसो, टेसेंट्रिक, डार्जालेक्स और इम्फिंजी के दाम भी अपरिवर्तित हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, पेटेंट वाली दवाओं की कीमतें घटाना चुनौतीपूर्ण है और मूल्य नियंत्रण से कुछ कंपनियां भारत में आपूर्ति कम या बंद कर सकती हैं।