दैनिक खबरनामा | होशियारपुर, 12 अगस्त 2026. होशियारपुर। सावन के पवित्र महीने में बुधवार को होशियारपुर का दशहरा मैदान ‘हर-हर महादेव’ और ‘जयकारा वीर बजरंगी’ के जयघोष से गूंज उठा। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भक्ति संध्या में श्रद्धालुओं के साथ शामिल होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद लिया।
इस अवसर पर अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार की ओर से आयोजित किए जा रहे ‘हमारे राम’ नाटक का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि इस नाटक को पूरे पंजाब में जबरदस्त सराहना मिल रही है। प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा अभिनीत यह नाटक 4 और 5 सितंबर को होशियारपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने लोगों से निःशुल्क प्रवेश पास पहले से बुक करने की अपील की।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मोहाली में शुरू हुए ‘हमारे राम’ नाटक को देखने वाले लोग इसकी खूब प्रशंसा कर रहे हैं और उनका कहना है कि भगवान राम पर आधारित ऐसा नाटक उन्होंने पहले कभी नहीं देखा। उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों में इस नाटक की एक सीट की कीमत करीब 8,000 रुपये तक है, लेकिन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार इसे पंजाब के लोगों के लिए पूरी तरह निःशुल्क आयोजित कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
तीन नए धार्मिक यात्रा मार्ग शुरू
अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि बुधवार को 15 बसों को विभिन्न धार्मिक स्थलों के लिए रवाना किया गया है। इनमें कुछ बसें सालासर-श्री खाटू श्याम, कुछ हरिद्वार-ऋषिकेश और कुछ मथुरा-वृंदावन के लिए गई हैं।
उन्होंने कहा कि पहले मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत दो प्रमुख मार्ग संचालित किए जा रहे थे। लोगों की मांग को देखते हुए अब सालासर-श्री खाटू श्याम, मथुरा-वृंदावन और हरिद्वार-ऋषिकेश के तीन नए मार्ग शुरू किए गए हैं। आने वाले महीनों में इन तीन मार्गों से करीब 1.5 लाख श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्राओं के लिए उपलब्ध कराई गई वातानुकूलित बसों में श्रद्धालुओं को बेहद आरामदायक यात्रा की सुविधा मिल रही है। उनके अनुसार, साथ में रिश्तेदारों, मित्रों और आसपास के लोगों के साथ भजन गाते हुए तीर्थ यात्रा करने का आनंद अलग ही होता है और यह सुविधा अमीर-गरीब का भेद किए बिना सभी के लिए है।
किसी भी मां-बहन को उसके हक से वंचित नहीं किया जाएगा : भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मुख्यमंत्री माई-धीयां सत्कार योजना के तहत भुगतान को लेकर महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि जिन महिलाओं के खातों में अभी तक राशि नहीं पहुंची है, वे निर्धारित प्रपत्र भरें। उन्होंने कहा कि राशि उनके खातों में भी पहुंचाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की ओर से प्रपत्र भरने में थोड़ी देरी हो सकती है, लेकिन भुगतान में कोई देरी नहीं होगी और एक भी मां या बहन को उसके हक से वंचित नहीं किया जाएगा।
‘यह आस्था और भाईचारे का सैलाब है’
मुख्यमंत्री ने होशियारपुर में उमड़ी विशाल भीड़ को पंजाब के आपसी भाईचारे और धार्मिक आस्था की मजबूत मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि लोग बिना किसी लालच या प्रलोभन के अपनी श्रद्धा से कार्यक्रम में पहुंचे हैं।
भगवंत मान ने कहा कि सावन के पवित्र महीने में कांवड़िए अपनी आस्था के साथ धार्मिक स्थलों की ओर जा रहे हैं और माता चिंतपूर्णी जाने वाले मार्गों पर भी जगह-जगह लंगर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि होशियारपुर में उमड़ा जनसैलाब भगवान शिव के प्रति लोगों की गहरी श्रद्धा को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भीषण उमस के बावजूद लोग अपने छोटे बच्चों के साथ कार्यक्रम में बैठे हुए हैं। उन्होंने इसे पंजाब की धार्मिक आस्था और आपसी भाईचारे की बड़ी मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होशियारपुर की धरती ने अनेक महान कवियों, संतों, फकीरों और पीरों को जन्म दिया है। उन्होंने कहा कि आज यहां पानी का नहीं, बल्कि भगवान शिव की भक्ति में डूबे लोगों का सैलाब देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में सराबोर करेंगे।