सिरमौर को मिली बड़ी सौगात: नौहराधार में 18 पंचायतों के लिए नवनिर्मित 5 मंजिला सीएचसी भवन का सीएम सुक्खू ने किया वर्चुअल लोकार्पण
दैनिक खबरनामा। नाहन, 30 अक्टूबर: जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के नौहराधार क्षेत्र की 18 पंचायतों की जनता का करीब दस साल का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। करोड़ों की लागत से तैयार हुए नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन को जनता को समर्पित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से इस भवन का लोकार्पण किया और ऑनलाइन ही जनता को संबोधित भी किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल और श्रीरेणुकाजी के विधायक व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि सीएचसी का पुराना भवन बेहद जर्जर स्थिति में पहुंच गया था। इस संबंध में दैनिक जागरण ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। कुछ दिन पूर्व ही जर्जर छत से प्लास्टर गिरने के कारण रात्रि चौकीदार और एक डॉक्टर घायल भी हो गए थे। दैनिक जागरण में मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और सरकार ने स्वास्थ्य केंद्र को करोड़ों से नवनिर्मित भवन में शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए थे, जिसके बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री द्वारा वर्चुअल उद्घाटन करवाया गया।
व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सीएमओ, बीएमओ और खंड विकास प्रशासन के अधिकारी सुबह ही मौके पर पहुंच गए थे।
लोकार्पण के दिन विधि-विधान के साथ पुराने भवन से स्टाफ और जरूरी सामान को नए भवन में शिफ्ट किया गया और उसी दिन से नए भवन में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू कर दी गईं।
नए बने पांच मंजिला भवन को मरीजों और स्टाफ की सुविधाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें लिफ्ट, ऑपरेशन थिएटर, नर्सिंग कक्ष, डॉक्टरों के लिए अलग कक्ष, ओपीडी, एक्स-रे कक्ष और अल्ट्रासाउंड कक्ष की सुविधा उपलब्ध है। इस भवन में 30 बेड की क्षमता रखी गई है। हालांकि, इन सुविधाओं का पूरा लाभ तभी मिल पाएगा जब जरूरी उपकरण, मशीनें, बेड और पर्याप्त स्टाफ की तैनाती की जाएगी।
बताया जा रहा है कि पुराने सीएचसी भवन की हालत लंबे समय से खराब थी और अक्सर छत से सीमेंट के टुकड़े गिरने की घटनाएं होती रहती थीं।
इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी, सीएमओ डॉ. राकेश प्रताप, बीएमओ संगड़ाह, श्रीरेणुकाजी कांग्रेस अध्यक्ष तपेन्द्र ठाकुर, बीडीसी उपाध्यक्ष दिनेश ठाकुर, नौहराधार भाजपा मंडल अध्यक्ष भारत भूषण, व्यापार मंडल अध्यक्ष अशोक चौहान, विवेक चौहान, अशोक ठाकुर सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।