दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 01 नवंबर: सारंगपुर स्थित गवर्नमेंट हाई स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए इंतजार खत्म होने वाला है। साढ़े चार साल बाद अब वे अपने ही स्कूल परिसर में लौटेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 12 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित चार मंजिला स्कूल भवन का उद्घाटन किया है।
बता दें कि जुलाई 2022 में पुरानी इमारत के जर्जर होने के कारण स्कूल को बंद कर दिया गया था। अब उसी स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से लैस नया भवन बनकर तैयार है। इस नए भवन के शुरू होने से न केवल यहां के छात्रों और शिक्षकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि आसपास के सरकारी स्कूलों में कमरों की कमी और दो शिफ्टों में कक्षाएं लगाने की समस्या भी काफी हद तक कम होगी।
42 कमरों में 1500 छात्रों की क्षमता
करीब ढाई एकड़ क्षेत्र में बना यह नया स्कूल भवन कुल 42 कमरों से सुसज्जित है। इनमें 30 क्लासरूम हैं, जबकि बाकी कमरों में लैब, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। भवन की एक विशेष बात छात्रों के लिए बनाया गया मिड-डे मील डाइनिंग हॉल भी है। इस नए परिसर में लगभग 1500 विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है।
स्थानीय निवासियों में खुशी
नए भवन के उद्घाटन से क्षेत्र के लोगों और शिक्षकों में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई सालों से छात्र और शिक्षक दूसरे स्कूलों में जाकर पढ़ाई कर रहे थे। अब मांग है कि जल्द से जल्द नियमित कक्षाएं इसी भवन में शुरू की जाएं, ताकि क्षेत्र के बच्चों को अपने ही इलाके में बेहतर शिक्षा मिल सके।
तीन अन्य स्कूलों को भी मिलेगी राहत
सारंगपुर हाई स्कूल के नए भवन के शुरू होने से आसपास के तीन सरकारी स्कूलों – गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सारंगपुर, खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू को भी बड़ी राहत मिलेगी, जहां फिलहाल दो शिफ्टों में पढ़ाई हो रही है। खुड्डा लाहौरा और खुड्डा जस्सू के स्कूल भवन काफी पुराने हैं और वहां क्लासरूम भी छोटे हैं, जिससे छात्रों को बैठने में दिक्कत आती है।
उल्लेखनीय है कि प्रशासक गुलाब चंद कटारिया सितंबर माह में ही दो शिफ्टों में चल रहे स्कूलों को बड़े भवनों में शिफ्ट कर सिंगल शिफ्ट में चलाने के निर्देश दे चुके हैं। ऐसे में सारंगपुर हाई स्कूल का नया भवन शुरू होने के बाद छात्रों को जरूरत और आरटीई के मानकों के अनुसार नजदीकी स्कूलों में समायोजित करने की योजना पर विचार किया जा सकता है।
संभावना जताई जा रही है कि खुड्डा लाहौरा के विद्यार्थियों को सारंगपुर और खुड्डा जस्सू के विद्यार्थियों को सेक्टर-12 स्थित स्कूल में शिफ्ट किया जा सकता है। ये सभी स्कूल दो से ढाई किलोमीटर की परिधि में स्थित हैं।
गौरतलब है कि जुलाई 2022 में जब सारंगपुर हाई स्कूल की पुरानी बिल्डिंग को खाली कराया गया था, तब यहां करीब 600 विद्यार्थी पढ़ रहे थे। उस समय प्राइमरी विंग को गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सारंगपुर में भेज दिया गया था, जबकि हाई स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सेक्टर-12 के सरकारी स्कूल में शिफ्ट किया गया था। तब से वहीं से पठन-पाठन का कार्य चल रहा था, लेकिन अब नए भवन के उद्घाटन के बाद अपने स्कूल में वापसी की उम्मीद बढ़ गई है।