दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 3 नवंबर 2026. पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दिड़बा, जिला संगरूर में तैनात सहायक सब-इंस्पेक्टर (ए.एस.आई.) तरसेम लाल को 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी ए.एस.आई. को अनाज मंडी भवानीगढ़ के एक निवासी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, किसी अन्य मामले में उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी न करने के बदले ए.एस.आई. तरसेम लाल ने उससे 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत को रिकॉर्ड भी कर लिया था।
रिश्वत देने के लिए तैयार न होने पर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो रेंज पटियाला से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। इस पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में जाल बिछाया और ए.एस.आई. तरसेम लाल को शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो के थाना पटियाला में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।