दैनिक खबरनामा। जम्मू, 26 नवंबर: पिता के हाथों में ट्रैक्टर की स्टेयरिंग और बेटी के कदमों में मंजिल तक पहुंचने का जुनून। एक तरफ परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ उठाते पिता, तो दूसरी तरफ उन्हीं के संघर्षों से प्रेरणा लेकर अपने सपनों की उड़ान भरती बेटी।

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के पटनी पंचैरी की दीक्षा भगत की कहानी कुछ ऐसी ही है। आर्थिक तंगी के बीच पली-बढ़ी इस बेटी ने अपनी मेहनत, हौसले और दृढ़ संकल्प के दम पर कश्मीर मैराथन में स्थानीय महिला वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने तीन लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी जीता और अपने परिवार के साथ पूरे इलाके का नाम रोशन कर दिया।

पांच बहनों में सबसे बड़ी हैं दीक्षा

पांच बहनों में सबसे बड़ी दीक्षा के पिता परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य हैं और ट्रैक्टर चलाकर घर का खर्च चलाते हैं। मां घर संभालती हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद दीक्षा ने कभी अपने सपनों को हालात के आगे झुकने नहीं दिया। उनका सपना था कि वह अपनी मेहनत से ऐसी पहचान बनाएं, जो दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बने।

वर्ष 2024 में राजकीय डिग्री कॉलेज, उधमपुर में दाखिले के बाद उनके जीवन को नई दिशा मिली। वर्ष 2025 में वह 9 जेएंडके बटालियन के माध्यम से राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) से जुड़ीं। एनसीसी ने उनमें अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को मजबूत किया। उन्होंने प्रतिष्ठित थल सैनिक कैंप (टीएससी) में भी हिस्सा लिया और दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का लक्ष्य रखा। हालांकि, अंतिम चयन में जगह नहीं मिली, लेकिन इस अनुभव ने उनके हौसले को कमजोर नहीं किया।

इसी दौरान दीक्षा ने लंबी दूरी की दौड़ में अपनी प्रतिभा को पहचाना। स्टेडियम की पटरियों पर नियमित अभ्यास और कई बार अकेले की गई मेहनत उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गई।

कोच राघव ने उनकी क्षमता को पहचाना और उन्हें इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। एनसीसी की जिम्मेदारियों के साथ कठिन अभ्यास करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन दीक्षा ने दोनों के बीच बेहतर तालमेल बनाया।

21 किमी हाफ मैराथन में चोट के बावजूद पहला स्थान

सितंबर 2026 में उधमपुर में आयोजित अपनी पहली 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में उन्होंने चोट से जूझने के बावजूद पहला स्थान हासिल किया। इस जीत ने उनके आत्मविश्वास को नई मजबूती दी।

इसके बाद 25 अक्टूबर 2026 को कश्मीर मैराथन में 1,800 से अधिक धावकों के बीच दीक्षा ने स्थानीय महिला वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने उन्हें तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया।

अब रक्षा बलों में शामिल होकर देशसेवा का सपना

दीक्षा अपनी सफलता का श्रेय एनसीसी और एसोसिएट एनसीसी अधिकारी कुशा शर्मा को देती हैं। उनका कहना है, ‘आज लंबी दूरी की धाविका के रूप में मेरी अपनी पहचान है और इसका बहुत बड़ा श्रेय एनसीसी तथा कुशा शर्मा को जाता है।’ अब दीक्षा का अगला लक्ष्य रक्षा बलों में शामिल होकर देशसेवा करना और लंबी दूरी की दौड़ में नई ऊंचाइयां हासिल करना है।

पटनी पंचैरी की इस बेटी ने साबित कर दिया है कि मंजिल तक पहुंचने के लिए हालात का अनुकूल होना जरूरी नहीं, बल्कि हौसलों का बुलंद होना जरूरी है। पिता के संघर्षों से मिली प्रेरणा को अपनी ताकत बनाने वाली दीक्षा की दौड़ अभी थमी नहीं है। उनके कदम अब एक और बड़े सपने की ओर बढ़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

उमर अब्दुल्ला का बड़ा बयान: राज्य का दर्जा मिलने तक संघर्ष जारी, भाजपा को साधने के लिए नहीं छोड़ेंगे सिद्धांत

दैनिक खबरनामा। श्रीनगर, 21 जुलाई:  जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने साफ…

जम्मू के बनतालाब-खेरी में फिर धंसी जमीन, 10 घरों पर खतरा, बेघर होकर टेंट में गुजर-बसर को मजबूर परिवार

दैनिक खबरनामा। जम्मू, 19 अगस्त:  शहर से लगभग 12 किलोमीटर दूर बनतालाब…

जम्मू-कश्मीर वन विभाग में 1300 कर्मियों की आउटसोर्सिंग पर हंगामा, आंदोलन पर उतरे कर्मचारी

दैनिक खबरनामा । श्रीनगर, 30 जून : जम्मू-कश्मीर में सरकारी पदों की…

जम्मू-कश्मीर डिप्टी सीएम के काफिले की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बिहार के व्यक्ति को कुचला, मौत

दैनिक खबरनामा। जम्मू , 9 अगस्त : शनिवार देर रात जम्मू-कश्मीर के…