दैनिक खबरनामा 16 अप्रैल 2026 हिमाचल प्रदेश में आगामी पंचायत और नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में आज शिमला स्थित राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है, जिसमें चुनावी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सहित सरकार के मंत्री, पार्टी पदाधिकारी और जिला अध्यक्ष शामिल होंगे।इस दौरान खास तौर पर नगर निगम चुनावों पर फोकस रहेगा, क्योंकि ये चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़े जाते हैं। शिमला को छोड़कर धर्मशाला, पालमपुर, मंडी, सोलन, हमीरपुर और ऊना नगर निगम के चुनाव पंचायतों के साथ ही होने हैं, जिससे सुक्खू सरकार के सामने बड़ी चुनौती खड़ी होगी।इसके अलावा जिला परिषद, नगर परिषद और पंचायत चुनावों को लेकर भी रणनीति बनाई जाएगी। कांग्रेस की कोशिश रहेगी कि जिला परिषद में अधिक से अधिक सदस्य जीतकर चेयरमैन पद पर भी पकड़ मजबूत की जाए।प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के अनुसार बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा और नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। वहीं, शिमला ग्रामीण और किन्नौर में जिला अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर भी मंथन होगा, जो गुटबाजी के चलते अब तक लंबित है।