दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 7 अगस्त: एक तरफ चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन को आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से सजाने का काम जोर-शोर से चल रहा है, तो दूसरी तरफ यात्रियों को बेसिक सुविधाओं के अभाव में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
शुक्रवार दोपहर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर पंचकूला की ओर लगे एस्केलेटर अचानक काम करना बंद कर गए। ठीक उसी वक्त वंदे भारत एक्सप्रेस के पहुंचने का समय था, इसलिए स्टेशन पर यात्रियों की काफी भीड़ जमा थी।
एस्केलेटर बंद होने की वजह से बुजुर्गों, महिलाओं, छोटे बच्चों के साथ सफर करने वाले परिवारों और भारी सामान लेकर चल रहे लोगों को सीढ़ियों से ऊपर-नीचे आना-जाना पड़ा। उमस भरी गर्मी में सामान उठाकर प्लेटफॉर्म तक पहुंचना कई यात्रियों के लिए मुश्किल हो गया।
मुसीबत यहीं नहीं रुकी। एस्केलेटर के साथ-साथ लिफ्ट भी बंद पाई गई। स्टेशन पर मौजूद मजदूरों के अनुसार बारिश का पानी लिफ्ट तक पहुंच जाने के कारण सुरक्षा को देखते हुए उसे तत्काल बंद कर दिया गया।
राहत की बात यह रही कि चंडीगढ़ वाली तरफ के एस्केलेटर और लिफ्ट चालू थे, जिससे कुछ यात्रियों को सहूलियत मिली। लेकिन पंचकूला की दिशा से आने-जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ी।
यात्रियों का कहना है कि जब स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की बात हो रही है, तो रोजमर्रा की जरूरी सेवाओं का सुचारु रहना भी उतना ही जरूरी है। उनका मांग है कि रेलवे तुरंत व्यवस्था बहाल करे और साथ में वैकल्पिक इंतजाम भी करे, ताकि लोगों को बेवजह परेशानी न हो।
इस बारे में स्टेशन अधीक्षक संजीव कुमार चौधरी ने बताया कि पंचकूला साइड में यह दिक्कत क्यों आई, इसकी जांच की जा रही है। उनके मुताबिक संभावना है कि बिजली बाधित होने के कारण एस्केलेटर बंद हुए हों। नया पावर हाउस अभी शुरू नहीं हुआ है, इसी वजह से यह समस्या सामने आई है।