दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 14 जून : गांव इटावा में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सांसद निधि (एमपीएलएडी) से गांव की गलियों, चौकों और प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए। इन कैमरों का उद्घाटन सांसद मनीष तिवारी ने किया। कैमरों की स्थापना से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और लोगों ने इसे क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एक अहम पहल बताया है।

इस अवसर पर सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि जनता की सुरक्षा, विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों के दौरान उन्होंने चंडीगढ़ और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े 122 से अधिक जनहित के मुद्दे लोकसभा में उठाए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
सांसद तिवारी ने हाल ही में कुमार मेडिकोज पर हुई फायरिंग की घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने कहा कि पार्षद एवं पूर्व डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी जनसेवा के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि हैं, जिनके प्रयासों से इटावा सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। उन्होंने लोगों से क्षेत्र के विकास में सहयोग करने की अपील भी की।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से चोरी और असामाजिक गतिविधियों की घटनाओं के कारण लोगों में चिंता थी। सीसीटीवी कैमरे लगने से अब क्षेत्र की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी, जिससे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ जांच में भी मदद मिलेगी।
समाजसेवी तरलोचन सिंह बंटी ने कहा कि जसबीर सिंह बंटी के नेतृत्व में गांव इटावा लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से गांव की पहचान एक आधुनिक और विकसित क्षेत्र के रूप में बन रही है तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना इसी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है।
कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-36 और सेक्टर-42 के प्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सांसद निधि से सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रस्ताव रखे। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा क्षेत्र की सुरक्षा और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि लोगों में सुरक्षित वातावरण और विश्वास की भावना भी और अधिक बढ़ेगी।