दैनिक खबरनामा । शिमला, 9 जुलाई: हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग ने पुलिस विभाग में कॉन्स्टेबल के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
आयोग की ओर से वीरवार को जारी सूचना के अनुसार, इस बार कुल 740 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें पुरुष कॉन्स्टेबल के 491 और महिला कॉन्स्टेबल के 249 पद शामिल हैं।
आवेदन की तारीखें
इच्छुक उम्मीदवार 10 जुलाई 2026 को दोपहर 12:01 बजे से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 6 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तय की गई है। तय समय के बाद पोर्टल पर लिंक बंद हो जाएगा।
वेतन और वर्गीकरण
चयनित अभ्यर्थियों को लेवल-3 का वेतनमान दिया जाएगा। इसका दायरा 20,200 रुपये से 64,000 रुपये तक रहेगा।
आयोग ने विभिन्न वर्गों के लिए पदों का ब्योरा भी साझा किया है। भर्ती में अनारक्षित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, बीपीएल, स्वतंत्रता सेनानी के आश्रित, होमगार्ड और पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षण के नियमों के अनुसार सीटें आरक्षित रहेंगी।
जरूरी निर्देश
आयोग ने साफ किया है कि आवेदन सिर्फ ऑनलाइन मोड में ही मान्य होंगे। डाक या किसी अन्य माध्यम से भेजे गए फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि फॉर्म भरने से पहले विस्तृत विज्ञापन को जरूर पढ़ें। इसमें पात्रता, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण के नियम, चयन प्रक्रिया और परीक्षा संबंधी सभी शर्तों की जानकारी दी गई है।
यदि कोई अभ्यर्थी साइबर कैफे या लोकमित्र केंद्र के माध्यम से आवेदन कर रहा है, तो फाइनल सबमिट से पहले सभी विवरण दोबारा जांच लें। फॉर्म में दी गई गलत जानकारी की पूरी जिम्मेदारी आवेदक की ही होगी।