दैनिक खबरनामा 10 अप्रैल 2026 कुरुक्षेत्र जिले में दमकल विभाग के कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल वीरवार को भी जारी रही। इस दौरान करीब 65 कर्मचारी हड़ताल पर रहे, जबकि केवल 15 कर्मचारी ही ड्यूटी पर तैनात रहे। राहत की बात यह रही कि पूरे दिन जिले में किसी बड़ी आगजनी की घटना सामने नहीं आई।
यूनियन के प्रधान मनजीत सिंह ने बताया कि गुरुवार को मंत्री विपुल गोयल के साथ प्रतिनिधिमंडल की बातचीत हुई, लेकिन यह वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद यूनियन ने हड़ताल को दो दिन और बढ़ाने का फैसला लिया है। अब शुक्रवार और शनिवार को भी कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि यूनियन पहले भी कई बार सरकार और उच्च अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रख चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। विभाग के महानिदेशक से भी बातचीत हुई, परंतु कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला।यूनियन की प्रमुख मांगों में फरीदाबाद में 16 फरवरी को ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले दो अग्निशमन कर्मचारियों को बलिदानी का दर्जा देना शामिल है। इसके अलावा कौशल रोजगार निगम को बंद कर वहां कार्यरत कर्मचारियों को विभागीय रोल पर शामिल करना, 5 हजार रुपये भत्ता, पिछले 6 साल से लंबित पेरोल कर्मचारियों की वेतन वृद्धि, ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया पर रोक और 7,500 रुपये वर्दी भत्ता देने की मांग की गई है।
इसके साथ ही पेरोल कर्मचारियों को फायर ऑपरेटर पद पर मर्ज करने और बिना शर्त एसीपी लागू करने की मांग भी उठाई गई है। हड़ताल में कई यूनियन पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।