दैनिक खबरनामा। चंडीगढ़, 16 अगस्त: 15 अगस्त के मौके पर शनिवार को पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब राजभवन के लॉन में पारंपरिक ‘एट होम’ समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में पंजाब और हरियाणा के राजनीति, प्रशासन, न्यायपालिका, सेना, शिक्षा और समाजसेवा से जुड़ी जानी-मानी शख्सियतें शामिल हुईं।
शाम लगभग पांच बजे राज्यपाल समारोह स्थल पर पहुंचे। यहां पुलिस बैंड ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ की धुन और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में पंजाब लोक भवन को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया था।
कटारिया ने वहां मौजूद मेहमानों से मुलाकात की और उन्हें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी।
इस ‘एट होम’ में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पहुंचे। इसके अलावा पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, सांसद मनीष तिवारी और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा भी इस मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासनिक स्तर पर पंजाब के मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव विवेक प्रताप सिंह और पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी समारोह में उपस्थित थे।