दैनिक खबरनामा । लालडू (मोहाली), 29 जून : पंचायत की शामलात भूमि को गिरवी रखकर ऋण हासिल करने के कथित मामले में लालडू स्थित यूनिवर्सल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, संबंधित बैंक ने संस्थान की कॉलेज विंग पर कब्जा करते हुए परिसर को सील कर दिया है। वहीं, संस्थान के संचालक के कनाडा रवाना होने की चर्चाएं भी सामने आई हैं, हालांकि प्रशासनिक स्तर पर इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
मामले की जांच में यह आरोप भी उभरकर सामने आया है कि एक ही संपत्ति को आधार बनाकर दो अलग-अलग बैंकों से ऋण लिया गया। यदि जांच एजेंसियों द्वारा इस दावे की पुष्टि होती है तो प्रकरण में बैंकिंग धोखाधड़ी से संबंधित अतिरिक्त धाराएं भी शामिल की जा सकती हैं।
इससे पूर्व डेराबस्सी पुलिस ने पंचायत की शामलात भूमि को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के जरिए गिरवी रखकर करोड़ों रुपये का कर्ज लेने के आरोप में यूनिवर्सल एजुकेशनल सोसायटी के अध्यक्ष, एक पूर्व सरपंच तथा दो पूर्व पंचायत सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोपितों पर धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों के उपयोग और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
जांच रिपोर्ट के मुताबिक, बल्लोपुर गांव की लगभग 68 बीघा 14 बिस्वा शामलात भूमि पंजाब सरकार द्वारा केवल शैक्षणिक गतिविधियों के लिए 33 वर्षों की लीज पर उपलब्ध कराई गई थी। आरोप है कि मूल लीज डीड में कथित रूप से बदलाव कर भूमि को बंधक रखने का प्रावधान जोड़ा गया। डीडीपीओ की जांच में भी यह सामने आया था कि संबंधित भूमि को गिरवी रखने की कोई अनुमति नहीं थी।
रिकॉर्ड के अनुसार, सोसायटी ने सबसे पहले पंजाब नेशनल बैंक से ऋण प्राप्त किया था। ऋण की अदायगी न होने पर दिसंबर 2021 में खाते को एनपीए घोषित कर दिया गया। इसके बाद जनवरी 2023 में बैंक ने मामले को डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल, चंडीगढ़ के समक्ष रखा, जहां करीब 46 करोड़ रुपये की बकाया राशि का उल्लेख किया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।