दैनिक खबरनामा 24 अप्रैल 2026 पंचकूला के पिंजौर-कालका क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज साले ने अपने जीजा और एक बाइक सवार युवक को कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया। घटना देर रात पिंजौर-कालका मार्ग पर कैरों ढाबा के पास हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मोहाली निवासी राजू ने बताया कि उसने परमविंदर (ईशरनगर निवासी) से प्रेम विवाह किया था, जिससे उसका रिश्तेदार गुरप्रीत सिंह नाराज था। घटना वाली रात राजू कैरों ढाबा पर मौजूद था, जहां गुरप्रीत उसे देखकर चला गया।बाद में राजू अपने गांव लौटने के लिए बारु सिंह (टांडा, मोहाली निवासी) की बाइक पर सवार हुआ। तभी गुरप्रीत सिंह अपने साथियों के साथ सफेद स्विफ्ट कार में उनका पीछा करने लगा और तेज रफ्तार में पीछे से टक्कर मार दी।टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर गए। राजू को गंभीर चोटें आईं, जबकि बाइक चला रहे बारु सिंह के पैर में फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद राजू डर के कारण पास के जंगल में छिप गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।