दैनिक खबरनामा
3 जुलाई : चंडीगढ़: हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले का संशोधित शेड्यूल जारी कर दिया है। नए कार्यक्रम के तहत इच्छुक विद्यार्थी अब 12 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। विभाग के अनुसार पहली मेरिट सूची 21 जुलाई को और दूसरी मेरिट सूची 28 जुलाई को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए अगस्त में फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
संशोधित समय-सारिणी के मुताबिक, ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल पर पंजीकरण की अंतिम तिथि 12 जुलाई निर्धारित की गई है। आवेदन पत्र में ओटीपी के माध्यम से आवश्यक संशोधन 13 जुलाई तक किए जा सकेंगे। कॉलेजों द्वारा ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच और आपत्तियों का निस्तारण 18 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।
विभाग ने बताया कि जिन आवेदनों में किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति होगी, उनकी सूची 14 जुलाई को जारी की जाएगी। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 20 जुलाई को मेरिट सूची के लिए पात्र अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित होगी, जबकि 21 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके आधार पर प्रथम चरण की काउंसलिंग होगी और चयनित विद्यार्थियों को 23 से 27 जुलाई के बीच फीस जमा करनी होगी।
दूसरी मेरिट सूची 28 जुलाई को जारी होगी। इस सूची में चयनित अभ्यर्थी 30 जुलाई से 3 अगस्त तक अपनी फीस जमा कर सकेंगे। इसके बाद 4 अगस्त को रिक्त सीटों के लिए फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी।
उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार 5 अगस्त को ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोला जाएगा, जिससे नए विद्यार्थी पंजीकरण करा सकें और आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकें। 6 से 12 अगस्त तक 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ फिजिकल काउंसलिंग के जरिए प्रवेश दिए जाएंगे। वहीं 13 से 19 अगस्त तक प्रतिदिन 100 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ बची हुई सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया जारी रहेगी।