दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 05 अगस्त 2026. पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत चलाया गया घर-घर गणना एवं सत्यापन अभियान सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इस व्यापक अभियान के दौरान राज्य के सभी 23 जिलों और 117 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सूची का गहन सत्यापन किया गया। इसका उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मृत, स्थानांतरित और डुप्लिकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना रहा।
मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि अभियान के दौरान 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 पंजीकृत मतदाताओं के पते पर जाकर सत्यापन किया गया। इनमें से 1 करोड़ 93 लाख 94 हजार 408 से अधिक मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र जमा कराए, जबकि लगभग 9.63 प्रतिशत मामलों में मतदाता मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित अथवा पहले से दर्ज पाए गए।
अभियान को सफल बनाने के लिए हजारों बूथ स्तरीय अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और चुनाव अधिकारियों ने घर-घर जाकर कार्य किया। मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष शिविर भी लगाए गए, जहां लोगों को अपने विवरण की पुष्टि और आवश्यक प्रपत्र जमा कराने का अवसर मिला। इसके साथ ही जागरूकता बढ़ाने के लिए रेडियो, संदेश, सोशल मीडिया, मानव श्रृंखला, पोस्टर प्रतियोगिताओं और अन्य जनसंपर्क गतिविधियों का भी सहारा लिया गया।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम किसी कारणवश प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे 13 अगस्त से 12 सितंबर 2026 के बीच निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा प्रस्तुत कर सकते हैं। इसी अवधि में आपत्तियां भी दर्ज कराई जा सकेंगी। इसके बाद दावों और आपत्तियों का निस्तारण कर 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पूरे अभियान में चुनाव कर्मचारियों, बूथ स्तरीय अधिकारियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, मीडिया और आम नागरिकों का सहयोग सराहनीय रहा। सभी के संयुक्त प्रयासों से मतदाता सूची को अधिक सटीक, समावेशी और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य में मतदान केंद्रों का भी पुनर्गठन किया गया है। इसके तहत मतदान केंद्रों की संख्या 24,453 से बढ़ाकर 25,332 कर दी गई है, जिससे मतदाताओं की पहुंच आसान होगी और चुनाव प्रक्रिया को अधिक सुचारु बनाया जा सकेगा।