दैनिक खबरनामा । चंडीगढ़, 30 मई: पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने शनिवार को पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ में पंजाब पब्लिक स्कूल (पीपीएस), नाभा के मेधावी विद्यार्थियों को आईएससी, आईसीएसई और सीएआईई परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। समारोह में 53 विद्यार्थियों को बैच टॉपर, स्ट्रीम टॉपर, सीएआईई टॉपर और अन्य विशिष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
विद्यालय बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में संबोधित करते हुए राज्यपाल ने विद्यार्थियों को उनकी सफलता पर बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की भी सराहना की।
इस अवसर पर श्री कटारिया ने विद्यालय के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए 1 करोड़ रुपये की अनुदान राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा विद्यालय के व्यापक कायाकल्प के लिए विभिन्न स्रोतों से अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने पिकलबॉल खेल सुविधाओं के विकास के लिए 10 लाख रुपये की विशेष सहायता देने की घोषणा भी की।
राज्यपाल ने विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणामों की सराहना करते हुए बताया कि आईएससी परीक्षा में शामिल सभी 99 विद्यार्थियों ने विशिष्ट श्रेणी के साथ सफलता प्राप्त की और बैच का औसत परिणाम 91 प्रतिशत रहा। लगभग 60 प्रतिशत विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जबकि 34 विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
उन्होंने बताया कि आईसीएसई परीक्षा में 103 में से 68 विद्यार्थियों ने डिस्टिंक्शन हासिल की तथा बैच का औसत परिणाम 80.3 प्रतिशत रहा। वहीं 22 विद्यार्थियों ने पंजाबी, जीव विज्ञान, कंप्यूटर एप्लीकेशंस और भूगोल जैसे विषयों में पूर्ण अंक प्राप्त किए।
श्री कटारिया ने खेल और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में विद्यालय की उपलब्धियों को भी सराहा। उन्होंने कहा कि पीपीएस नाभा की अंडर-14 और अंडर-19 हॉकी टीमों ने ऑल इंडिया आईपीएससी हॉकी चैंपियनशिप जीती है, जबकि विद्यालय की अश्वारोहण टीम ने दिल्ली हॉर्स शो में 27 स्वर्ण पदकों सहित कुल 77 पदक जीतकर ऑल इंडिया आईपीएससी इक्वेस्ट्रियन चैंपियनशिप में भी विजय हासिल की है।
उन्होंने विद्यालय की बैंड टीम और विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पीपीएस के विद्यार्थियों ने आईपीएससी और सीआईएससीई प्रतियोगिताओं में 350 से अधिक पदक जीते हैं तथा 50 से अधिक विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में विद्यालय का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
राज्यपाल ने मेधावी विद्यार्थियों और हॉकी खिलाड़ियों के लिए नकद पुरस्कार एवं वित्तीय सहायता की घोषणा करते हुए कहा कि ऐसे प्रोत्साहन युवाओं को उत्कृष्टता की ओर प्रेरित करते हैं। उन्होंने अश्वारोहण गतिविधियों को भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष पीपीएस नाभा ने राष्ट्रीय रैंकिंग में चौथा स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने विद्यालय की गौरवशाली विरासत को पुनर्स्थापित करने और उसे देश के सर्वश्रेष्ठ शैक्षणिक संस्थानों में शामिल करने के साथ-साथ रक्षा सेवाओं के लिए अधिकारी तैयार करने में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री कटारिया ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और वे “विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण, नवाचार और सामाजिक कल्याण के लिए अपनी प्रतिभा का उपयोग करने का आग्रह किया तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया।
पीपीएस नाभा के प्रधानाचार्य डॉ. डी.सी. शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पंजाब लोक भवन में सम्मानित किए जाने और विद्यालय के विकास के लिए वित्तीय सहायता की घोषणा से छात्रों और शिक्षकों का मनोबल बढ़ा है।
समारोह में पंजाब के पूर्व मुख्य सचिव एवं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स कार्यकारिणी के अध्यक्ष जय सिंह गिल, डॉ. सुमेर सिंह, श्रीमती सुखविंदर कौर सहित विद्यालय के शिक्षक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।