दैनिक खबरनामा । शिमला, 10 जुलाई: शिमला ग्रामीण जिला कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की मुहिम तेज कर दी है। जिला अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल की अगुवाई में शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में करीब 50 नए कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
पार्टी में शामिल होने वालों में एचआरटीसी से सेवानिवृत्त महाप्रबंधक केसी चौहान सबसे प्रमुख नाम रहे। उनके साथ शिमला ग्रामीण के पूर्व बीडीसी सदस्य लक्ष्मी दास, वार्ड सदस्य जय लाल नेगी और वार्ड सदस्य करिश्मा शर्मा ने भी कांग्रेस का दामन थामा।
नए जुड़े नेताओं ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों और फैसलों से प्रभावित होकर उन्होंने पार्टी से जुड़ने का निर्णय लिया है। साथ ही उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विनोद जिंटा, कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, सोनिया चौहान, प्रधान जितेंद्र ठाकुर, पवन कुमार और कुलदीप ठाकुर समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महासचिव विनोद जिंटा ने कहा कि सदस्यता अभियान के चलते हर दिन कार्यकर्ताओं की संख्या में इजाफा हो रहा है और इससे संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है।
जिला अध्यक्ष हरि कृष्ण हिमराल ने सभी नव-आगंतुकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार के तहत जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने अपील की कि सभी नए साथी अपने क्षेत्रों में पार्टी की पकड़ मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाएं। हिमराल ने भरोसा जताया कि इनके जुड़ने से शिमला ग्रामीण में कांग्रेस का आधार और मजबूत होगा।