दैनिक खबरनामा | 10 अगस्त | रियाद: सऊदी अरब की राजधानी रियाद के मूसा सनैया इलाके में रविवार को एक सोफा फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने 16 लोगों की जान ले ली। हादसे में मारे गए सभी लोग बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को घटना की पुष्टि करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में आग रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। सऊदी प्रशासन ने घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पहुंचा बांग्लादेशी दूतावास
हादसे की खबर मिलने के बाद रियाद स्थित बांग्लादेशी दूतावास के अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दूतावास की टीम सऊदी अधिकारियों के साथ मिलकर मृतकों की पहचान सहित हादसे से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटा रही है।
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया है।
शव बांग्लादेश भेजने की तैयारी
बांग्लादेशी दूतावास के अनुसार, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया के साथ आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने पर काम किया जा रहा है। इसके बाद शवों को बांग्लादेश भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
दूतावास सऊदी प्रशासन के लगातार संपर्क में है। हादसे में प्रभावित अन्य लोगों को जरूरी मदद मुहैया कराने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों की ओर से घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने का सिलसिला जारी है।