दैनिक खबरनामा 2 मई 2026 जालंधर देहात के कस्बा फिल्लौर इलाके में बाइबिल की कथित बेअदबी का मामला सामने आने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। जानकारी के अनुसार, एक महिला घर में बाइबिल पढ़ रही थी, तभी उसके पति ने गुस्से में आकर बाइबिल छीन ली और उसके पन्ने फाड़ दिए। इस दौरान आरोपी द्वारा धार्मिक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया गया है।
महिला मोनिका का कहना है कि उसका पति उसे चर्च जाने और प्रार्थना करने से रोकता है और लंबे समय से उसे परेशान कर रहा है। घटना के बाद उसने चर्च के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यह भी जांच का विषय है कि आरोपी की मंशा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की थी या नहीं।
घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखने का दावा किया है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिकायत मिलते ही कार्रवाई की गई और आगे मामले में सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।