दैनिक खबरनामा 4 मई 2026 मोहाली के चर्चित राणा बलाचौरिया हत्याकांड में एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले के मुख्य शूटर आदित्य उर्फ मक्खन को त्रिपुरा के अगरतला से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई केंद्रीय एजेंसियों और त्रिपुरा पुलिस के साथ मिलकर चलाए गए संयुक्त अभियान के तहत की गई।जानकारी के अनुसार, कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या 15 दिसंबर 2025 को एसएएस नगर के गांव सोहाना (सेक्टर-79) में की गई थी। जांच में सामने आया कि यह हत्या एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी, जिसे विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर अंजाम दिया गया।इस मामले में पहले ही AGTF अन्य आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य शूटर आदित्य लगातार फरार चल रहा था। पुलिस को तकनीकी इनपुट और खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसकी लोकेशन अगरतला में मिली, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस उसके नेटवर्क और इस हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस केस से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।