दैनिक ख़बरनामा निसिंग, 11 मई 2026 कस्बे के चिड़ाव खंड में रविवार को जिला परिषद सदस्य एवं ग्राम पंचायत पंचों के उपचुनाव के लिए सुबह से शाम तक शांतिपूर्ण मतदान हुआ। मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और युवा, बुजुर्गों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।जिला परिषद उपचुनाव वार्ड-10 के लिए खंड के गांव काछवा, डबरी, कलामपुरा, शाहपुर, बजीदा, जरीफाबाद, बालू, बहलोलपुर, दादुपुर रोडान, कतलेहड़ी, मंजूरा, सीरसी, पिंघली, चिड़ाव, हेमदा, हथलाना और बुडनपुर में बनाए गए मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। वहीं ग्राम पंचायत औंगद, फतेहगढ़ सहित अन्य गांवों में पंच पद के लिए भी मतदान हुआ।चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजारणिया ने थाना प्रभारियों को संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए थे।दादुपुर रोडान गांव में संभावित विवाद की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की गाड़ी मतदान केंद्र पर तैनात की गई। वहीं पुलिस कप्तान और अतिरिक्त उपायुक्त ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।दादुपुर रोडान गांव में करीब 3200 मतदाता हैं। यहां बूथ संख्या 32, 33 और 34 पर शाम 4:15 बजे तक 1421 वोट डाले जा चुके थे। वहीं शाहपुर गांव में लगभग 1750 मतदाताओं में से करीब 900 लोगों ने मतदान किया।