दैनिक खबरनामा/ ब्यूरो/चंडीगढ़/10 जून, 2026. पंजाब पुलिस की ‘यूथ कनेक्टिविटी’ पहल के तहत संचालित ‘स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी)’ कार्यक्रम को राज्यभर के स्कूलों से जबरदस्त समर्थन मिल रहा है। जिम्मेदार नागरिक तैयार करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और छात्रों तथा पुलिस के बीच संवाद को मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल से वर्तमान में पंजाब के 280 चयनित स्कूलों के करीब 11,200 विद्यार्थी लाभ उठा रहे हैं।
पंजाब पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार अब तक कार्यक्रम के अंतर्गत 1,965 इनडोर और 698 आउटडोर कक्षाएं आयोजित की जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा अगस्त 2023 में शुरू किए गए इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों का सकारात्मक सहयोग मिल रहा है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि कार्यक्रम के तहत आठवीं और नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक माह एक इनडोर तथा दो आउटडोर सत्र आयोजित किए जाते हैं। इन सत्रों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, नेतृत्व क्षमता और नागरिक चेतना विकसित करना है। साथ ही उन्हें जिला प्रशासन, पुलिस थानों, सांझ केंद्रों और पुलिस अकादमी जैसे संस्थानों का भ्रमण भी कराया जाता है ताकि वे प्रशासनिक और पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझ सकें।
उन्होंने बताया कि लगभग 450 एसपीसी कैडेटों ने पंजाब पुलिस अकादमी, फिल्लौर का दौरा किया, जहां उन्हें साइबर सुरक्षा, पुलिसिंग और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। विद्यार्थियों ने अकादमी के संग्रहालय, पुस्तकालय और ऐतिहासिक फिल्लौर किले का भी भ्रमण किया।
विशेष पुलिस महानिदेशक (कम्युनिटी अफेयर्स एवं महिला मामले) गुरप्रीत कौर दियो ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ता है और सरकारी संस्थाओं के साथ संवाद स्थापित करने की भावना मजबूत होती है।
एसपीसी कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा अभियानों से भी जोड़ा जा रहा है। गणतंत्र दिवस पर अमृतसर, बठिंडा, मोहाली, बरनाला, होशियारपुर, संगरूर, मालेरकोटला, पटियाला, फाजिल्का, नवांशहर और गुरदासपुर सहित 11 जिलों में आयोजित परेड में 440 एसपीसी कैडेटों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को विशेष वर्दियां भी उपलब्ध कराई गईं।
गुरप्रीत कौर दियो ने कहा कि युवाओं को नशे, अपराध और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने के लिए उन्हें सकारात्मक मंच उपलब्ध कराना बेहद आवश्यक है। एसपीसी कार्यक्रम इसी दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है और युवाओं को समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित कर रहा है।
पंजाब पुलिस और शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयास से संचालित यह कार्यक्रम राज्य सरकार की ‘गैंगस्टरों पर वार’ मुहिम को भी मजबूती प्रदान कर रहा है। अधिकारियों का मानना है कि युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर अपराध और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखा जा सकता है, जिससे एक सुरक्षित और जागरूक समाज का निर्माण संभव होगा।