पांच शहरों में निर्माणाधीन हैं वर्किंग वूमेन हॉस्टल, महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित और किफायती आवास
दैनिक खबरनामा| मोहाली, 19 जून 2026. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने रोजगार के लिए अपने घरों से दूर रहने वाली महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने शुक्रवार को मोहाली के सेक्टर-66 में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सात मंजिला अत्याधुनिक वर्किंग वूमेन हॉस्टल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह भी उपस्थित रहे। डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि राज्य में मोहाली, जालंधर और अमृतसर में कुल पांच वर्किंग वूमेन हॉस्टलों का निर्माण किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित, आधुनिक और किफायती आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि सेक्टर-66 में बनने वाला हॉस्टल पंजाब के सरकारी क्षेत्र का सबसे बड़ा वर्किंग वूमेन हॉस्टल होगा, जिसमें 484 महिलाओं के रहने की व्यवस्था होगी। यहां सिंगल, डबल और डॉर्मिटरी कमरों के अलावा बच्चों के लिए क्रेच तथा मनोरंजन के लिए इनडोर खेलों जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस परियोजना का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि यह मोहाली में बनने वाला तीसरा वर्किंग वूमेन हॉस्टल है। इससे पहले निफ्ट मोहाली फेज-1 में 25.26 करोड़ रुपये की लागत से 150 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल निर्माणाधीन है, जबकि सेक्टर-79 में 12.57 करोड़ रुपये की लागत से 100 महिलाओं की क्षमता वाला एक अन्य हॉस्टल तेजी से तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांधी विनिता आश्रम, जालंधर में 10.11 करोड़ रुपये की लागत से 100 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल तथा अमृतसर में 27.34 करोड़ रुपये की लागत से 150 महिलाओं की क्षमता वाले वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण भी जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इन हॉस्टलों में रहने वाली महिलाओं को नाममात्र के किराये पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नौकरीपेशा महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि बठिंडा में रेड क्रॉस भवन में किराये के आधार पर 100 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल पहले से संचालित किया जा रहा है। यदि राज्य के अन्य शहरों से भी मांग आती है तो विभाग किराये पर भवन लेकर ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रोजगार के लिए घरों से दूर रहने वाली महिलाओं को आवास और सुरक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस मौके पर विधायक कुलवंत सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तेजी से विकसित हो रहे मोहाली में ऐसे हॉस्टल महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. शेना अग्रवाल, विशेष सचिव केशव हिंगोनिया, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सोनम चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निखिल अरोड़ा तथा लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता रणजीत सिंह सिद्धू सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।