दैनिक खबरनामा| बठिंडा, 24 जून 2026. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा है कि राज्य के गांवों को देश के सबसे विकसित गांवों के रूप में स्थापित करना उनकी सरकार का लक्ष्य है और इसी के जरिए पंजाब को देश का सबसे विकसित राज्य बनाया जाएगा। मंगलवार को बठिंडा में रामपुरा फूल और तलवंडी साबो के सरपंचों एवं पंचों के साथ आयोजित ‘सरपंच मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग और पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरपंच गांवों की प्रगति की धुरी हैं और उनके नेतृत्व से गांवों की तस्वीर और तकदीर बदली जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरपंच लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और उन्हें सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से गांवों में विकास के लिए अनुदान की कोई कमी नहीं है और इन निधियों का उपयोग शिक्षा, पुस्तकालयों, स्कूलों, सोलर लाइटों और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर किया जाना चाहिए ताकि गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय अनुदानों में हिस्सेदारी और भ्रष्टाचार के कारण विकास प्रभावित हुआ, लेकिन अब बड़ी मात्रा में धन सीधे गांवों तक पहुंच रहा है और जल्द ही पंजाब के गांवों की सूरत बदल जाएगी।

भगवंत मान ने कहा कि पंचायतें सरकार की आंख और कान हैं, क्योंकि वे जमीनी स्तर पर लोगों से सीधे जुड़ी होती हैं। उन्होंने सरपंचों से गुटबाजी से दूर रहकर पूरे गांव को समान दृष्टि से देखने और निष्पक्ष ढंग से निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुने जाने के बाद सरपंच किसी एक समूह के नहीं बल्कि पूरे गांव के प्रतिनिधि होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा तैयार की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में पंचायतों की अहम भूमिका है और सभी सरपंचों को विकास कार्यों की निगरानी पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करनी चाहिए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद महिला सरपंचों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि महिलाएं राष्ट्रीय राजनीति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा, प्रतिनिधित्व और आर्थिक अवसर ही वास्तविक महिला सशक्तिकरण की कुंजी हैं। भगवंत मान ने महिलाओं और युवतियों से निर्णय लेने की प्रक्रिया में आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि महिलाएं जिस दक्षता से परिवारों का संचालन करती हैं, उसी तरह वे देश और समाज को भी नई दिशा दे सकती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज लड़कियां लगभग हर क्षेत्र में लड़कों से आगे निकल चुकी हैं, लेकिन राजनीति अब भी पुरुषों का गढ़ मानी जाती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र मजबूत होगा और पंजाब को एक प्रगतिशील तथा समृद्ध राज्य बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दोहराया कि उनकी सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने सरपंचों से गांवों को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।