दैनिक खबरनामा | फरीदकोट, 29 जून 2026।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फरीदकोट में आयोजित “लोक मिलनी” कार्यक्रम के दौरान विपक्षी दलों, विशेषकर शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बेअदबी विरोधी कानून का विरोध इसलिए किया जा रहा है क्योंकि कुछ लोगों को अपने पुराने कर्मों का हिसाब देने का डर सता रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सम्मान की रक्षा के लिए बनाए गए कानून पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा पारित ‘जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन अधिनियम-2026′ भविष्य में बेअदबी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि यह कानून व्यापक कानूनी सलाह और गहन विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है ताकि इसमें किसी प्रकार की कोई कमी न रहे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जनता से दूरी बनाए रखने और सत्ता का दुरुपयोग कर अकूत संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने महल खड़े किए, पंजाब के संसाधनों को लूटा और आम लोगों से दूरी बनाए रखी, उन्हें प्रदेश की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया।

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब आज प्राथमिक और मिडिल स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश का नंबर एक राज्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम, शिक्षकों के आधुनिक प्रशिक्षण और सरकारी स्कूलों में व्यापक सुधारों के कारण पंजाब ने शिक्षा के क्षेत्र में केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली जैसे राज्यों को पीछे छोड़ दिया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि एक जुलाई से 18 वर्ष से अधिक आयु की पात्र महिलाओं को वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग की महिलाओं को एक हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति की महिलाओं को पंद्रह सौ रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। इस योजना का लाभ राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं तक पहुंचने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने बिना किसी भ्रष्टाचार के 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई हैं। वहीं सिंचाई व्यवस्था में सुधार करते हुए नहरी पानी का उपयोग 22 प्रतिशत से बढ़ाकर 80 प्रतिशत से अधिक कर दिया गया है, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिल रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत अब तक 650 करोड़ रुपये से अधिक का निःशुल्क उपचार लोगों को उपलब्ध कराया जा चुका है, जिससे हजारों परिवारों को आर्थिक राहत मिली है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार जनता के धन का उपयोग केवल जनकल्याण और विकास कार्यों पर कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सिंचाई, सड़क निर्माण और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में लगातार ऐतिहासिक पहल की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से पंजाब को विकास, पारदर्शिता और खुशहाली के नए दौर में आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।