सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में मिल रही आधुनिक नेत्र चिकित्सा, बुजुर्गों को सबसे अधिक लाभ
दैनिक खबरनामा | चंडीगढ़, 30 जून 2026. पंजाब सरकार की ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ राज्य के हजारों लोगों के लिए नई रोशनी लेकर आई है। योजना के तहत अब तक 3,524 मरीजों के निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन कराए जा चुके हैं, जिन पर लगभग 1.99 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सरकार का दावा है कि सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी आधुनिक नेत्र उपचार उपलब्ध कराने से मरीजों को समय पर इलाज मिल रहा है और विशेष रूप से बुजुर्गों को बड़ी राहत मिली है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, योजना के तहत सबसे अधिक 3,070 मरीजों की स्मॉल इन्सीजन कैटरैक्ट सर्जरी (एसआईसीएस) नॉन-फोल्डेबल इंट्रा-ऑक्यूलर लेंस के साथ की गई, जिस पर 1.54 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए। इसके अलावा 333 मरीजों का प्टेरीजियम विद कंजंक्टाइवल ऑटोग्राफ्ट ऑपरेशन भी निःशुल्क किया गया। योजना में एंट्रोपियन, एक्ट्रोपियन, बच्चों की लेंस सर्जरी, ग्लूकोमा उपचार, टियर डक्ट सर्जरी और अन्य जटिल नेत्र सर्जरियां भी शामिल हैं।
गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज, फरीदकोट के नेत्र रोग विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. मुनीश धवन ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना ने आधुनिक नेत्र चिकित्सा को आम लोगों की पहुंच में ला दिया है। उन्होंने बताया कि मोतियाबिंद की अत्याधुनिक फेकोइमल्सिफिकेशन सर्जरी, ग्लूकोमा का उपचार और भेंगापन (स्क्विंट) जैसी सर्जरियां भी पात्र मरीजों को पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक कारणों से उपचार टालने वाले बुजुर्ग मरीजों को इस योजना से सबसे अधिक लाभ मिला है। समय पर ऑपरेशन होने से उनकी दृष्टि में सुधार आया है और वे पहले की तुलना में अधिक आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं।
डॉ. मुनीश धवन ने लोगों से नियमित नेत्र जांच कराने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों की समय-समय पर आंखों की जांच, 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित स्क्रीनिंग तथा मधुमेह से पीड़ित मरीजों की विशेष निगरानी आवश्यक है, क्योंकि डायबिटीज आंखों की रोशनी पर गंभीर प्रभाव डाल सकती है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि सूचीबद्ध निजी अस्पतालों को योजना से जोड़ने के बाद पूरे पंजाब में गुणवत्तापूर्ण नेत्र उपचार सेवाओं का विस्तार हुआ है। इससे मरीजों को समय पर निःशुल्क सर्जरी मिल रही है और दृष्टि संबंधी जटिलताओं को रोका जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि धुंधला दिखाई देना, आंखों में लगातार जलन, अत्यधिक पानी आना या पलकों से जुड़ी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना के माध्यम से पात्र मरीजों को सामान्य से लेकर जटिल नेत्र सर्जरियों तक की सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे हजारों लोगों का जीवन बेहतर और सम्मानजनक बन रहा है।