दैनिक खबरनामा। ऊना, 12 जुलाई: हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के लिए रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने दो अहम फैसले लेकर यहां से गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या 10 से बढ़ाकर 11 कर दी है। अब नई दिल्ली और अंबाला से चलने वाली दो गाड़ियां जिला ऊना होते हुए पंजाब के नव-निर्मित करटौली स्टेशन तक जाएंगी।

रेलवे बोर्ड की टाइम टेबल कमेटी से हरी झंडी मिलने के बाद औपचारिक आदेश भी जारी हो चुके हैं। इसके बाद अब उत्तर रेलवे जल्द ही इन दोनों सेवाओं को शुरू करने की तारीख का ऐलान करेगा। इससे पहले गुरुमुखी एक्सप्रेस का विस्तार अंब-अंदौरा तक किया जा चुका है।

दिल्ली-दौलतपुर हिमाचल एक्सप्रेस अब करटौली तक

रेलवे बोर्ड के निर्देशों के मुताबिक दिल्ली-दौलतपुर चौक हिमाचल एक्सप्रेस का रूट आगे बढ़ाकर पंजाब के तलवाड़ा के पास स्थित करटौली तक कर दिया गया है।

नया शेड्यूल इस प्रकार रहेगा

– दिल्ली से रात 10:50 बजे चलकर यह ट्रेन अगले दिन सुबह 7:20 बजे दौलतपुर चौक और सुबह 7:50 बजे करटौली पहुंचेगी। – वापसी में यह रात 8:55 बजे करटौली से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:00 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

करटौली-अंबाला के बीच शुरू होगी नई दैनिक एक्सप्रेस

इसके साथ ही करटौली और अंबाला सिटी के बीच एक नई प्रतिदिन चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को भी मंजूरी मिली है।

समय-सारिणी

– सुबह 8:30 बजे करटौली से चलकर दोपहर 12:55 बजे अंबाला सिटी पहुंचेगी।

– वापसी में शाम 4:15 बजे अंबाला सिटी से प्रस्थान कर रात 8:25 बजे करटौली पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

इस नई और विस्तारित सेवा का ठहराव दौलतपुर चौक, अंब-अंदौरा, ऊना, नंगल डैम, आनंदपुर साहिब, रूपनगर, मोरिंडा, सरहिंद और राजपुरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

रेलवे बोर्ड के कोचिंग निदेशक संजय आर. नीलम ने जारी आदेश में उत्तर रेलवे को सभी जरूरी तैयारियां जल्द पूरी कर सेवा शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

दौलतपुर चौक से करटौली की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। इसके आगे लगभग 10 किलोमीटर लंबी रेल लाइन तलवाड़ा तक बिछाने का कार्य चल रहा है। रेलवे ने इस पूरे प्रोजेक्ट को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

करटौली स्टेशन पर यात्री उतरकर सड़क मार्ग से तलवाड़ा जा सकेंगे और वहां से पठानकोट होते हुए जम्मू-कटरा तक की रेल यात्रा कर सकेंगे।

ऊना होकर अब ये 11 ट्रेनें चलेंगी

विस्तार और नई ट्रेन के बाद ऊना जिले से गुजरने वाली दैनिक ट्रेनों की सूची इस प्रकार है:

1. जन शताब्दी एक्सप्रेस – दौलतपुर चौक से नई दिल्ली

2. गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस – अंब अंदौरा से कोलकाता

3. गांधीनगर कैपिटल – दौलतपुर चौक एक्सप्रेस

4. हजूर साहिब नांदेड़ – अंब अंदौरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस

5. अंब अंदौरा – हरिद्वार पैसेंजर

6. अंब अंदौरा – रायपुर हरियाणा जंक्शन

7. ऊना हिमाचल – इंदौर एक्सप्रेस, सप्ताह में दो बार

8. दौलतपुर चौक – अंबाला पैसेंजर

9. अंब अंदौरा – नई दिल्ली वंदे भारत

10. हिमाचल एक्सप्रेस

11. करटौली – अंबाला सिटी दैनिक एक्सप्रेस

रेल सेवाओं के विस्तार से ऊना और आसपास के इलाकों के यात्रियों को दिल्ली, अंबाला और पंजाब के लिए सीधी और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

Share to :
Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Also Like

हिमाचल-पंजाब सीमा विवाद ने पकड़ा तूल, निहंग संगठनों ने लगाया ‘खालसा टैक्स नाका’

दैनिक खबरनामा। बिलासपुर 3 जून : हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों…
Share to :

मंडी नगर निगम चुनाव में भाजपा का दबदबा, कांग्रेस को बड़ा झटका

दैनिक खबरनामा। मंडी 31 मई : मंडी नगर निगम चुनाव के नतीजों…
Share to :

एचआरटीसी कर्मचारियों के पहचान पत्र होंगे अपग्रेड, व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

हिमाचल प्रदेश 14 जनवरी (दैनिक खबरनामा) हिमाचल उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने…
Share to :

कुल्लू में सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, राजमार्ग पर सुरक्षित उतारा गया पैराग्लाइडर

दैनिक खबरनामा। कुल्लू, 31 मई:  पतलीकूहल (कुल्लू)। कुल्लू घाटी में शनिवार को…
Share to :