दैनिक खबरनामा। जींद, 17 जुलाई: भारत ने रेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन के शुरू होने के साथ ही भारत अब उन गिने-चुने देशों में शामिल हो गया है जो हाइड्रोजन को ईंधन के रूप में इस्तेमाल कर ट्रेनें चला रहे हैं।
रेल मंत्रालय के अनुसार यह ट्रेन हरियाणा में जींद और सोनीपत के बीच चलाई जाएगी। पर्यावरण के अनुकूल इस ट्रेन को देश में क्लीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
रूट और स्टॉपेज
हाइड्रोजन ट्रेन जींद जंक्शन से चलकर सोनीपत जंक्शन तक जाएगी। रास्ते में यह कुल 14 स्टेशनों पर रुकेगी।
स्टेशनों के नाम: जींद जंक्शन, जींद सिटी, पांडु पिंडारा, ललित खेड़ा, भंभेवा, ईशापुर खेड़ी, बुटाना, खंदराई, गोहाना, रभड़ा, लाठ, मोहाना, बड़वासनी और सोनीपत जंक्शन।
वापसी में भी ट्रेन इन्हीं स्टेशनों पर इसी क्रम में ठहरेगी।
समय सारणी
इस सेवा को 74010 और 74009 नंबर से चलाया जाएगा।
– जींद से सोनीपत: ट्रेन रोजाना सुबह 7:40 बजे जींद से चलेगी और 9:40 बजे सोनीपत पहुंचेगी। सफर में करीब 2 घंटे लगेंगे।
– सोनीपत से जींद: वापसी ट्रेन सुबह 10:30 बजे सोनीपत से रवाना होकर दोपहर 1:00 बजे जींद पहुंचेगी।
ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी।
यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए इसका किराया बेहद कम रखा गया है।
– न्यूनतम किराया: 5 रुपये, जो एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन के बीच लागू होगा।
– अधिकतम किराया: जींद से सोनीपत तक का पूरा सफर 25 रुपये में पूरा किया जा सकेगा।
रेल अधिकारियों का कहना है कि हाइड्रोजन ट्रेन डीजल के मुकाबले प्रदूषण रहित है और भविष्य में इसे अन्य रूटों पर भी चलाने की योजना है।