दैनिक खबरनामा। मोहाली, 19 जुलाई: मोहाली के खिलाड़ियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। सेक्टर-78 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बन रहा 8 लेन का सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक अब अंतिम चरण में है। इसके शुरू होने के बाद जिले के एथलीट्स को अभ्यास के लिए अब चंडीगढ़ या दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस 400 मीटर ट्रैक पर फिनिशिंग का काम तेजी से चल रहा है। मैदान में खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए अलग-अलग इवेंट्स का क्षेत्र भी विकसित किया जा रहा है।
ट्रैक पर अभी विशेष प्रक्रिया के तहत कई परतों में काम किया जा रहा है। कर्मचारियों द्वारा ट्रैक की सतह पर खास तरह का पेंट लगाने के बाद उस पर छोटे-छोटे रबड़ के दाने चिपकाए जा रहे हैं। इसी वजह से ट्रैक की गुणवत्ता अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगी। यह परियोजना पहले 2025 के अंत तक पूरी करने का लक्ष्य था, लेकिन अब काम अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है।
जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अगले करीब दो महीने में ट्रैक पूरी तरह तैयार हो जाएगा। उनके अनुसार इस सुविधा के शुरू होने से जिले के युवा खिलाड़ियों को बेहतर माहौल मिलेगा और उनके प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।
फिलहाल जिले के धावक और अन्य एथलीट अभ्यास के लिए चंडीगढ़ समेत आसपास के शहरों में जाते हैं। नया ट्रैक शुरू होते ही उन्हें घर के पास ही विश्वस्तरीय सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।